








बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर के करणी नगर क्षेत्र में स्थित एक मकान में महिला डॉक्टर मोनिका भोजवानी (50) का शव बरामद हुआ है। महिला इस मकान में अकेली ही रहती थी। उसके पास में रहने वाले पड़ौसियों को बदबू आई तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मकान का गेट तोड़कर अंदर घुसी तो कमरे में बेड पर मोनिका का शव पड़ा था।
डीएसपी सदर अनुष्का कालिया के अनुसार, डॉ. मोनिका के जर्मनी में रहने वाले भाई संजय भोजवानी को घटना की जानकारी दे दी गई है। उनके आने के बाद पोस्टमॉर्टम होगा। शव करीब तीन-चार दिन पुराना हो सकता है। शव गल चुका था और बदबू आ रही थी। पूछताछ में पता चला कि डॉ. मोनिका पड़ौसियों से कम ही बात करती थी। मिलना-जुलना कम था। मकान में वह अकेली ही रहती थी। मकान के अंदर एक कार भी खड़ी है, जो धूल से अटी थी। मोनिका पैथोलॉजिस्ट थी। वह सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज की 1993 बैच की एमबीबीएस स्टूडेंट थी। पिछले 3 साल से प्रैक्टिस नहीं कर रही थी। उनके पिता सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज में सीनियर लैब टेक्नीशियन थे।


