






जयपुर Abhayindia.com राजस्थान कांग्रेस में जिलाध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर तैयारियां तेज होने वाली है। इस संबंध में 24 अक्टूबर को दिल्ली में एक अहम बैठक बुलाई है। बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल राजस्थान से जुड़े 30 पर्यवेक्षकों के साथ वन-टू-वन फीडबैक मीटिंग करेंगे। इस दौरान पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट पर चर्चा की जाएगी।
आपको बता दें कि प्रदेश के 50 जिलों में नियुक्त 30 केंद्रीय पर्यवेक्षकों ने अपनी रायशुमारी रिपोर्ट पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल को सौंप दी है। अब वेणुगोपाल इन रिपोर्टों के आधार पर प्रदेश प्रभारी और वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा कर जिलाध्यक्षों के नाम फाइनल करेंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, जिलाध्यक्षों के लिए प्रदेश से लगभग 3000 से ज्यादा आवेदन आए हैं। जयपुर शहर अध्यक्ष पद के लिए 32 लोगों ने आवेदन किए हैं, जबकि जयपुर ग्रामीण पूर्व और जयपुर ग्रामीण पश्चिम से 60 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। कई विधायकों, पूर्व विधायकों और वरिष्ठ नेताओं ने भी इस बार जिलाध्यक्ष पद के लिए आवेदन किया है। सूत्रों ने बताया कि छह नामों का एक संभावित पैनल तैयार किया गया है। अब इन नामों पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व स्तर पर चर्चा होगी। चयन के दौरान संगठनात्मक सक्रियता, पार्टी निष्ठा और स्थानीय पकड़ को प्राथमिकता दी जाएगी।
दिल्ली में 24 अक्टूबर को होने वाली अहम बैठक में राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट से भी वेणुगोपाल रिपोर्ट के आधार पर रायशुमारी कर सकते हैं।


