Friday, May 15, 2026
Hometrendingसोशल मीडिया पर देश विरोधी और शिक्षा मंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां...

सोशल मीडिया पर देश विरोधी और शिक्षा मंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करने पर तीन शिक्षक निलंबित

AdAdAdAdAdAdAdAdAd

जयपुर Abhayindia.com सोशल मीडिया पर देश विरोधी और शिक्षा मंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करने पर बांसवाड़ा में तीन शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने विभागीय जांच और उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद तीनों को निलंबित किया है।

जिला शिक्षा अधिकारी शम्मे फरोजां बतुल अंजुम ने बताया कि अरथूना ब्लॉक के राजकीय प्राथमिक विद्यालय हेरापाड़ा में कार्यरत लेवल-प्रथम शिक्षक शंकरलाल डोडियार ने नेपाल के घटनाक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर टिप्पणी की थी। उन्होंने लिखा था कि भारत में भी नेपाल, बांग्लादेश और श्रीलंका जैसा हाल होगा। इस बयान को विभाग ने राजद्रोह की श्रेणी और राजस्थान सिविल सेवा नियमों के खिलाफ माना। विभाग ने इसे शिक्षक समाज और शिक्षा विभाग की छवि धूमिल करने वाला करार दिया। 19 सितंबर को उन्हें चार्जशीट थमाई गई और विभागीय जांच के अधीन रखते हुए निलंबित कर मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय निर्धारित कर दिया गया।

एक वर्ष पुराने प्रकरण में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के आरोप में राजस्थान प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष लालसिंह चौहान और जिला मंत्री केशवचंद पंचोली को भी निलंबित किया गया है। चौहान राजकीय प्राथमिक विद्यालय टाटिया में लेवल-प्रथम शिक्षक हैं, जिनका मुख्यालय सीबीईओ बागीदौरा कर दिया गया है। वहीं, पंचोली राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गरनावट में लेवल-टू शिक्षक हैं, जिनका मुख्यालय सीबीईओ छोटी सरवन निर्धारित हुआ है। दोनों शिक्षकों के खिलाफ कमेटी गठित कर जांच कराई गई थी। कमेटी ने अपनी रिपोर्ट पूर्व मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को सौंप दी थी, लेकिन कार्रवाई लंबित रही। मामला जिला कलेक्टर तक पहुंचने और कार्रवाई के निर्देश मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने दोनों शिक्षकों को निलंबित करने के आदेश जारी किए।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!