








जयपुर Abhayindia.com प्रदेश में मानसून का दूसरा दौर भी जमकर बरस रहा है। इस बीच, मौसम विभाग ने आज 26 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, 9 जिलों के लिए ऑरेंज और 17 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
विभाग के अनुसार, शुक्रवार को सवाईमाधोपुर, टोंक, बूंदी, कोटा, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, जयपुर, दौसा अजमेर जिले और आस-पास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर मेघगर्जन, आकाशीय बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश और एक-दो दौर भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान 30-40 KMPH रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।
वहीं, 17 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, बारां, झालावाड़, झुंझुनूं, सीकर, नागौर, जोधपुर, पाली, राजसमंद, सिरोही, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़ जिले के अलग-अलग स्थानों पर मेघगर्जन, आकाशीय बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। साथ ही 20-30 KMPH गति से तेज हवा चलने का अनुमान है।
आपको बता दें कि बीते चौबीस घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में जमकर बारिश हुई है। प्रदेश में सर्वाधिक बारिश पाली के रानी में 131 मिलीमीटर दर्ज की गई। इसके अलावा बांसवाड़ा में 80, शेरगढ़ में 97. बारां में 72, किशनगंज में 106 और भीलवाड़ा के जहाजपुर में 85 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। जयपुर में 38.8 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई।


