






बीकानेर Abhayindia.com धरणीधर मंदिर रोड पर मंगलवार सुबह एक ओवरलोड वाहन ने बिजली की लाइनों को ओवरलोड सामान में अटका कर तेजी से निकलने का प्रयास किया जिससे लाइनों के साथ बिजली की तीन पोल चपेट में आकर गिर गए। इसकी सूचना मिलते ही बीकेईएसएल की टीम ने तत्काल विद्युत आपूर्ति बन्द करा दी। इस हादसे में एक स्कूटी चालक घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। घटना के बाद कांग्रेस नेता अरुण व्यास, नवनीत आचार्य, वार्ड पार्षद मुकेश पंवार सहित कई लोग मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से बातचीत की।
आपको बता दें कि ओवरलोड वाहन चालक की लापरवाही से हुए इस हादसे के चलते बीकेईएसएल को करीब एक लाख का नुकसान हुआ है। कम्पनी के प्रवक्ता ने बताया कि मानवता के नाते बीकेईएसएल घायल दोपहिया वाहन चालक का इलाज करा रही है। साथ ही पोल गिरने से स्कूटी और एक मकान को हुए नुकसान को भी ठीक कराया जाएगा।
आपको बता दें कि धरणीधर मंदिर रोड, हरोलाई हनुमानजी मंदिर, शीतला गेट, मोहता सराय क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों की आवाजाही के चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं। कहने को तो हालांकि इन क्षेत्रों में अवरोधक लगाए जाते है, लेकिन कुछ ही दिनों में उन्हें क्षतिग्रस्त भी कर दिया जाता है। ऐसे में ओवरलोड वाहनों की रेलमपेल दुबारा से शुरू हो जाती है। प्रशासन को चाहिए कि इस समस्या के समाधान के लिए ठोस कार्यवाही करें।


