








बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर शहर में जगह-जगह लगे अनुपयोगी टेलीफोन के खंभों को हटाने की मांग उठाई गई है। इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता चौरू लाल सुथार ने एक प्रतिवेदन महाप्रबंधक, बी.एस.एन. एल. बीकानेर को प्रस्तुत कर उसकी प्रतिलिपि विधायक जेठानंद व्यास व सिद्धि कुमारी तथा जिला कलेक्टर, बीकानेर को प्रेषित की है।
सामाजिक कार्यकर्ता सुथार ने प्रतिवेदन में अवगत कराया कि पहले प्रायः प्रायः घरों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों व सरकारी कार्यालयों में दूर संचार विभाग के लेंड लाइन कनेक्शन ही हुआ करते थे व आमजन में टेलीफोन का जबरदस्त क्रेज भी था। जैसे-जैसे शहरों में टेलीफोन कनेक्शन लेने की रफ्तार बढ़ी वैसे-वैसे टेलीफोन कनेक्शन देने के लिए विभाग द्वारा मुख्य सड़कों, गली मोहल्लों में हजारों की तादाद में पोल स्थापित कर कनेक्शन जारी किए गए तथा जिस क्षेत्र में अधिक कनेक्शन होते वहां-वहां एक या इससे ज्यादा खंभों का जंक्शन बनाकर वहां से घर-घर संचार प्रणाली का प्रवाह होता था। सुथार ने बताया कि जबसे मोबाइल का जन्म हुआ तभी से धीरे-धीरे शहरों के टेलीफोन सम्बद्ध विच्छेद होते गए लेकिन ये खंभे आज भी वैसे ही स्थापित है।
सुथार ने बताया कि अब जब टेलीफोन ही नहीं रहे तब इन खंभों का क्या औचित्य रह जाता है। पहले बीकानेर शहर में यातायात इतना व्यस्त नही था व न ही इतने वाहन ही थे। लेकिन जैसे-जैसे शहर की आबादी बढ़ी व लोगों में आर्थिक संपन्नता के चलते सभी प्रकार के वाहनों की संख्या में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई। अब शहर के मुख्य सड़क मार्ग व गालियां संकड़ी पड़ने लगी व गलियों व सड़कों में लगे इन टेलीफोन के खंभों के कारण यातायात भी बाधित होने लगा है। यही नहीं इन खंभों की आड़ में कईयों ने तो सड़क मार्गों पर अतिक्रमण भी कर रखे है।
सुथार ने आग्रह किया है कि पूरे शहर के मुख्य सड़कों व गली मोहल्लों में जहां-जहां पर ये पोल जिन पर कोई कनेक्शन नही है उन सभी को तुरंत हटाया जाए व विभाग में स्क्रैप के रूप में जमा कर उनको आम नीलामी से राजस्व प्राप्त किया जाए ताकि विभाग का सारा मटेरियल विभाग के हित मे ही काम आ सके। यही नहीं कई जगहों पर तो ये पोल मुख्य सड़क मार्गों पर झुके हुए है व कहीं-कहीं पर ये पोल लोगों के घरों की दीवारों पर गिरे हुए है जो कि सही नहीं है।
सुथार ने विभाग के अधिकारियों से आग्रह किया है कि इस प्रकरण में आदेश जारी कर पूरे शहर का निरीक्षण करवाया जाकर ऐसे सभी खंभों को तुरंत हटाने की कार्यवाही की जाए।


