








जयपुर Abhayindia.com राजधानी जयपुर के बगरू इलाके एक साले ने अपने ही जीजा की दिनदहाड़े गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। घटना के अनुसार, लेबर इंस्पेक्टर शंकर बलाई मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। लौटते समय आरएसी जवान अजय ने शंकर को गोलियों से भून दिया। आरोपी ने शंकर पर करीब 7 राउंड फायर किए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि आरएसी का जवान अजय और इंस्पेक्टर शंकरलाल रिश्ते में साला-जीजा हैं। अजय मानसिक तनाव में था। शंकरलाल ने ही अजय की सगाई करवाई थी, लेकिन बाद में रिश्ता टूट गया। इसी बात को लेकर अजय अंदर ही अंदर घुटता रहा और इस वजह से शंकरलाल को ही अपनी परेशानी की जड़ मान लिया। यह घटना आज सुबह करीब साढे छह बजे की है। आरोपी अजय सुबह जयपुर से शंकरलाल के घर बगरू पहुंचा था। उस वक्त शंकरलाल मॉर्निंग वॉक पर गए थे। जैसे ही वे वापस लौटे तो हत्यारे ने एसएलआर राइफल से करीब 7 राउंड फायर कर दिए। हत्या के बाद आरोपी ने फुलेरा थाना में सरेंडर कर दिया। अब पुलिस आरोपी से मामले में पूछताछ कर रही है।


