








बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर के पूनरासर गांव स्थित श्री पूनरासर हनुमान मंदिर परिसर में 30 अगस्त को आयोजित होने वाले मेले को लेकर तैयारियां तेज हो गई है। इसे लेकर श्री पूनरासर हनुमानजी ट्रस्ट कोलकाता की बैठक रखी गई। बैठक के मुख्य ट्रस्टी बजरंग पारीक तथा मोटूलाल हर्ष ने बताया कि इस बार मंदिर में दर्शन के लिए लाइन में लगने वाले यात्रियों की सुविधाओं के लिए मंदिर परिसर में परिक्रमा मार्ग में छाया का पर्याप्त प्रबंध किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि परिक्रमा मार्ग पर यात्रियों के लिए बेरिकेड्स के ऊपर शामियाने लगाए जाएंगे। परिक्रमा में खड़े रहने वाले यात्रियों को गर्मी ना लगे इसके लिए कूलर भी लगाए जाएंगे। साथ ही पूनरासर भक्तों के लिए परिक्रमा मार्ग में ही ठंडे पानी के कैंपर भी रखे जाएंगे। आपको बता दें कि मेले के लिए पैदल संघ तीन दिन पूर्व ही बीकानेर शहर सहित आस-पास के गांवों से रवाना हो जाएंगे। उनके लिए मंदिर परिसर में अभी से तैयारियां शुरू हो गई है।
ट्रस्टी बजरंग पारीक ने बताया कि श्री पूनरासर हनुमानजी ट्रस्ट कोलकाता की ओर से मंदिर परिसर के कमरों का रंगरोगन भी शुरू हो गया है। मंदिर परिसर में साफ सफाई का अभियान भी चालू हो गया है। मंदिर के बाहरी क्षेत्र में भी मिट्टी हटाई जाकर सड़कों को साफ करना शुरू कर दिया गया है। बैठक में मोटूलाल हर्ष, बजरंग पारीक, तुलसीदास पुरोहित, रमेश व्यास तथा सुभाष आचार्य सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।


