








बीकानेर Abhayindia.com शिक्षा विभाग में मंत्रालयिक संवर्ग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के डीपीसी से पदोन्नत होने पर पदस्थापन आनलाईन काउंसलिंग से होगा। शिक्षा निदेशक सीताराम जाट के साथ शिक्षा विभागीय कर्मचारी संघ की हुई वार्ता में यह सहमति बनी है। आपको बता दें कि शिक्षा विभागीय कर्मचारी संघ राजस्थान, बीकानेर के प्रदेशाध्यक्ष कमल नारायण आचार्य की अगुवाई में शिष्टमंडल ने शिक्षा निदेशक सीताराम जाट से मुलाक़ात कर तीन ज्ञापन सौंपें तथा विभिन्न मांगों पर विस्तृत चर्चा की।
प्रदेशाध्यक्ष कमल नारायण आचार्य ने बताया कि वार्ता के दौरान मंत्रालयिक संवर्ग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की 2025-26 में की जा रही डीपीसी में पदस्थापन आनलाईन काउंसलिंग के माध्यम से करने, बीकानेर मंडल में लंबित कनिष्ठ सहायक से वरिष्ठ सहायक पदों पर वर्ष 2024.25 की डीपीसी करने तथा निदेशालय में मूल भूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की पुरजोर मांग की गई। वार्ता में संघ के प्रदेश परामर्शक विष्णु दत्त पुरोहित भी शामिल रहे।
आचार्य ने बताया कि निदेशक महोदय से वार्ता में काउन्सलिंग की मांग पर सहमति बन गई है, बीकानेर मंडल के संयुक्त निदेशक को डीपीसी के लिए अविलम्ब निर्देश दिए जाने पर सहमति जताई। साथ ही मूलभूत सुविधाएं के मामले में शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।


