Saturday, April 25, 2026
Homeबीकानेरपंडाल गिरने से 25 जख्मी, अस्पताल में मोदी के साथ हुआ यह...

पंडाल गिरने से 25 जख्मी, अस्पताल में मोदी के साथ हुआ यह वाकया

AdAdAdAdAdAdAd

मिदनापुर (पश्चिम बंगाल)। पीएम नरेंद्र मोदी की यहां हुई रैली के दौरान पंडाल का एक हिस्सा गिर जाने 25 लोग जख्मी हो गए। मोदी ने जैसे ही पंडाल गिरते देखा तुरंत अपना भाषण रोकते हुए अपनी हिफाजत में लगे एसपीजी के जवानों को मदद के लिए भेजा। बारिश की वजह से मिट्टी गीली होने के चलते यह हादसा हुआ। मिदनापुर जिले में सुबह से रुक-रुक कर बारिश हो रही है।

रैली खत्म होने के बाद मोदी खुद अस्पताल पहुंचे और घायलों से मिले। एक घायल युवती को दिलासा देते हुए मोदी ने कहा कि बहुत हिम्मत है बेटा तुम्हारे में। अगर हिम्मत रहेगी तो तुम एकदम ठीक हो जाओगी। इसी दौरान मोदी जब दूसरी घायल युवती से हालचाल लेने पहुंचे तो उसने ऑटोग्राफ मांगा। इसके बाद प्रधानमंत्री ने उसे ऑटोग्राफ भी दिया।

इससे पहले पीएम मोदी ने रैली में तृणमूल कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि माटी और मानुष की बातें करने वालों की असलियत अब सामने आ गई। ये लोग सिंडिकेट बनाकर आपको लूट रहे हैं। ये सिंडिकेट जबरन वसूली कर रहा है। किसानों का हक छीन रहा है। आज पश्चिम बंगाल का आम नागरिक सामान्य जीवन मुश्किल से जी रहा है। यहां पूजा भी मुश्किल में है। सिंडिकेट की मर्जी के बिना पश्चिम बंगाल में कुछ भी करना मुश्किल है।

मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार लोगों का जीवन आसान बनाने के लिए काम कर रही है। अभी हाल ही में हमारी सरकार ने एक ऐसा फैसला लिया, जो पश्चिम बंगाल के किसानों को भी बहुत बड़ी ताकत देने वाला है। हमने फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाया है। हम 22 हजार किसानों को अपग्रेड करने की दिशा में भी काम कर रहे हैं।

ममता का जताया आभार

मोदी ने ममता का आभार जताते हुए कहा कि मैं ममता दीदी का बहुत आभारी हूं। आज मेरे स्वागत में उन्होंने हजारों झंडे और पोस्टर्स लगाए। मैं इसलिए भी उनका आभारी हूं, क्योंकि उन्होंने हाथ जोड़कर मेरा स्वागत किया। मोदी के दौरे से ठीक पहले शहर में तृणमूल कांग्रेस ने ममता बनर्जी के कई पोस्टर्स लगवा दिए थे। भाजपा का आरोप है कि ये पोस्टर्स, झंंडे और बैनर इसलिए लगवाए गए ताकि भाजपा को मोदी के पोस्टर्स के लिए जगह ना मिले। तृणमूल ने आज यहां सभाएं भी रखीं ताकि मोदी की रैली में कम से कम लोग पहुंचे।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!