








जयपुर Abhayindia.com राजस्थान में मार्च के महीने में मौसम कई रंग दिखा रहा है। गर्मी, धूलभरी आंधी के दौर के बाद अब बरसात और ओले गिरने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, 28 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते प्रदेश के पूर्वी जिलों में बारिश होने की संभावना है। वहीं, कुछ जगह ओले भी गिर सकते हैं। हालांकि, विक्षोभ का असर जयपुर और भरतपुर संभाग के जिलों में रहेगा। वहीं, अन्य जिलों में मौसम आमतौर पर शुष्क ही बना रहेगा। इससे पहले दो दिन प्रदेश के कई जिलों में बादलों की आवाजाही रहेगी। इससे तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है।
बहरहाल, बीते चौबीस घंटे के दौरान गर्मी का जोर रहा है। इस दौरान फलोदी सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह जालोर में 39, बाड़मेर में 38.9, जोधपुर में 37.8, डूंगरपुर में 37.5 और जैसलमेर में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।





