Saturday, April 25, 2026
Homeदेशलालू के लाडले तेज की शादी में मचा हड़कंप

लालू के लाडले तेज की शादी में मचा हड़कंप

AdAdAdAdAdAdAd

पटना। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की शनिवार को हुई शादी के समारोह में अव्यवस्था का आलम रहा। ऐश्वर्या के संग तेज की शादी का समारोह वेटरनरी कॉलेज मैदान में आयोजित किया गया था। समारोह में उस समय हड़कंप सा मच गया जब मंच का एक हिस्सा टूट गया। इससे कुछ लोगों को चोटें भी आ गई। वहीं दूसरी ओर बारातियों के बीच खाने को लेकर भी हंगामा खड़ा हो गया। खाना न मिलने पर गुस्साई भीड़ ने खाने के काउंटर पलट दिए।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आयोजकों को लाठियां तक चलानी पड़ीं, जिस कारण वहां थोड़ी देर के लिए भगदड़ सा माहौल बन गया। हालात तब और बिगड़ गए जब कई लोग खाने का सामान ही उठाकर लेकर जाने लगे, तो कई लोग केटरर का बर्तन ही उठाकर भागने लगे। भीड़ ने वहां पर रखीं खाने की प्लेट तक को तोड़ दिया। अनियंत्रित भीड़ ने वीआइपी और मीडिया के लिए बने पंडाल को अलग करने वाले घेरे को तोड़ दिया और लोग खाने की चीजें लूटने लगे। पार्टी के कई नेताओं ने लोगों को भगाने का प्रयास किया, लेकिन वह असफल रहा। कई मीडियाकर्मियों ने शिकायत की कि उनके साथ भी हाथापाई हुई और उनके उपकरणों को नुकसान पहुंचाया गया।

हादसे के दौरान मंच पर लालू यादव और उनके समधी चंद्रिका राय का पूरा परिवार मौजूद था। जयमाल के बाद वर-वधु को आशीर्वाद देने के लिए कई और लोग मंच पर चढ़ गए। अधिक भार होने की वजह से मंच का एक हिस्सा टूट कर गिर गया, जिसके बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल हो गया, लेकिन वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने व्यवस्था को संभाल लिया, जिसके बाद आगे फिर से कार्यक्रम शुरू हो गया। हादसे में तेजस्वी यादव के सुरक्षाकर्मी अमरेश कुमार सिंह जख्मी हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!