Tuesday, April 23, 2024
Homeबीकानेर'मन की बात' के बहाने कांग्रेसजन भी निकालेंगे गुब्बार!

‘मन की बात’ के बहाने कांग्रेसजन भी निकालेंगे गुब्बार!

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

बीकानेर (अभय इंडिया न्यूज)। भाजपाई जहां पिछले बीते तीन दिन से अपने प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी को ‘मन की बात’ के बहाने अपने गिले-शिकवों से अवगत करा रहे हैं, वहीं अब कांग्रेसजन भी प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट से इसी तरह की ‘मन की बात’ करने के मूड में नजर आ रहे हैं। दरअसल, कांग्रेस और भाजपा के प्रदेश स्तरीय मुखियाओं के बीकानेर दौरों को लेकर स्थानीय स्तर पर नेताओं और कार्यकर्ताओं की फिल्डिंग एकाएक बढ़ गई है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष परनामी जहां रविवार रात अपने दौरे का आखिरी चरण पूरा करके जयपुर के लिए रवाना हो जाएंगे, वहीं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष रविवार शाम बीकानेर आएंगे। उनके बीकानेर आने से पूर्व सभी कार्यक्रमों की तैयारियों की कमान जिला देहात कांग्रेस कमेटी ने संभाल रखी है। जिलाध्यक्ष महेन्द्र गहलोत और कोषाध्यक्ष कौशल दुग्गड़ के नेतृत्व में पूरी टीम सचिन के दौरे को सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोडऩा चाहती। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट रविवार शाम को पूर्व प्रधान भोमराज आर्य के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए उनके पैतृक गांव बरसिंहसर जाएंगे। बाद में शाम छह बजे पायलट देशनोक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। इसे लेकर जिलाध्यक्ष महेन्द्र गहलोत और कोषाध्यक्ष कौशल दुग्गड़ रविवार सुबह ही देशनोक में जम गए है। वे पायलट के स्वागत-सत्कार और बैठक की रूपरेखा बनाने में जुटे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सचिन रात्रि विश्राम देशनोक में ही करेंगे। अगले दिन 26 मार्च को सुबह सात बजे वे करणी माता मंदिर जाकर दर्शन करेंगे तथा सुबह दस बजे नोखा में नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी के चाचा पुरखाराम डूडी के निधन पर संवेदना प्रकट करने उनके घर जाएंगे। सुबह सवा ग्यारह बजे वे नाल एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगे। करीब पौने एक बजे पायलट जयपुर के लिए रवाना होंगे।

इधर, सचिन के आगमन पर कांग्रेसजन अपने-अपने नंबर बढ़ाने की पूरी चेष्टा करेंगे। आठ महीने बाद प्रदेश में चूंकि विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे चुनाव लडऩे के दावेदार उनके सामने अपना चेहरा चमकाने में कोई कसर नहीं छोडऩा चाहते। कुछ नेता और कार्यकर्ता ऐसे भी हैं जो स्थानीय संगठनों के पदाधिकारियों और अन्य प्रमुख नेताओं की कार्यशैली से नाखुश चल रहे हैं। ऐसे कार्यकर्ता सचिन को संगठन की कमियां गिनाने के लिहाज से कमर कस चुके हैं। हालांकि संगठन स्तर पर सभी कार्यकर्ताओं को यह संदेश दिया जा रहा है कि प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट के समक्ष ऐसा कोई घटनाक्रम ना हो, जिससे संगठन की बदनामी हो, लेकिन जानकारों की मानें तो कार्यकर्ता इसे एक मौका मानते हुए हर हाल में प्रदेशाध्यक्ष से ‘मन की बात’ करने को लेकर पूरी तरह तैयार नजर आ रहे हैं।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
Ad
- Advertisment -

Most Popular